प्रधानमंत्री 29 को शुरू करेंगे फिट इंडिया मूवमेंट

न्यूज पंच।

विश्व खेल दिवस के मौके पर 29 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर में एक साथ फिट इंडिया मूवमेंट का शुभारंभ करेंगे। हरियाणा में भी इस कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा ताकि देश के नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों व खेलों के प्रति जागरूक किया जा सके। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी जिलों में समुचित तैयारियां करवाई जाएं।
                    यह बात हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के सरकारी व निजी विद्यालयों, कॉलेज-विश्वविद्यालयों, अन्य शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज, शहरी स्थानीय निकायों के साथ-साथ अन्य विभाग, जन प्रतिनिधि, महिलाएं व आमजन की भागीदारी फिट इंडिया मूवमेंट में सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का दूरदर्शन व अन्य टेलीविजन चैनलों के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री आमजन को फिटनेस शपथ भी दिलवाएंगे। उन्होंने सभी जिलों को अपने यहां कार्यक्रम का लाइव प्रसारण करने के लिए समुचित तैयारियां करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाया जाए बल्कि इसमें अधिक से अधिक लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र व एनएसएस के युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
                    वीडियो कॉन्फ्रेंस में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो ने बताया कि कार्यक्रम के संबंध में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाया जाएगा। राजस्व वित्तायुक्त नवराज संधु व पुलिस महानिदेशक मनोज यादव सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने भी कार्यक्रम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और अधिकारियों को प्रबंधों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

Check Also

पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के न्यायाधीश संजय वशिष्ठ ने शनिवार को सिरसा व उपतहसीलों की अदालतों का किया ओचक निरीक्षण

Haryanakisantv.com पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के न्यायाधीश एवं इन्सपेक्टिंग जज संजय वशिष्ठ ने शनिवार …