न्यूज पंच। डबवाली नगर परिषद की कांग्रेस समर्थित चेयरमैन सुमन जोइया व वाइस चेयरमैन कृष्ण कुमार की कुर्सी गिरने के बाद पार्टी नेता डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। विधानसभा चुनाव नजदीक हैं ऐसे में लोगों के बीच कोई गलत संदेश न जाए इसे लेकर आज अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों को मीडिया के सामने लाया गया। डबवाली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी मदन भांभू के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में इन पार्षदों ने कांग्रेस के प्रति एकजुटता दिखाई। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता चौधरी मदन भांभू ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले तमाम पार्षद कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। एक भी पार्षद कांग्रेस पार्टी से बाहर नहीं है। ये सभी पार्षद कांग्रेस नेता डा.के.वी. सिंह के नेत्तृव में अपनी आस्था रखते हैं। मदन भांभू ने दावा किया कि कांग्रेस नेता डा.के.वी. सिंह दो दिन बाद कांग्रेस समर्थित सभी 12 पार्षदों की बैठक लेंगे।
हमारी नाराजगी चेयरमैन व सरकार से थी।
पत्रकार वार्ता में पहुंंचे पार्षद युद्धवीर रंगीला, पवन बांसल, मधु बागड़ी, अंजु बाला, पार्षद पति जगदीप सूर्या, पार्षद पति राकेश वाल्मीकि इत्यादि ने कहा कि उनकी नाराजगी चेयरमैन सुमन जोइया की कार्यप्रणाली को लेकर थी। सुमन जोइया डबवाली नगर परिषद को ठीक ढंग से चला नहीं पा रही थी। पार्षदों ने कहा कि सरकार ने भी डबवाली नगर परिषद में स्टाफ की कमी को दूर नहीं किया। नप में पूरे कर्मचारी नहीं होने के कारण भी टैंडर लगने में दिक्कतें आईं। इसके अलावा चेयरमैन प्रशासनिक अधिकारियों के पास जाकर नगर परिषद से जुड़े रूके हुए विकास कार्यों का हल निकालने में असमर्थ साबित हो रही थी। इन पार्षदों ने कहा कि वार्डों में विकास कार्य नहीं होने के कारण उनके वार्ड के लोग अब उन्हें ताने देने लगे थे। ऐसे में शहर के हित में आकर चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा। पार्षदों ने कहा कि कई दफा चेयरमैन सुमन जोइया को उन्होंने कहा कि वे अपने पद से इस्तीफा दे दे लेकिन चेयरमैन इस्तीफा देने के लिए राजी नहीं हुई। मीडिया के सामने आए इन पार्षदों ने कहा कि दो दिन बाद कांग्रेस के सभी 12 पार्षद एक साथ डा. के.वी. ङ्क्षसह के साथ नजर आएंगे। इन पार्षदों ने कहा कि विरोधी पार्टी के लोग गलत प्रचार कर रहे हैं। सभी 12 पार्षद कांग्रेस के साथ हैं। इन पार्षदों ने कहा कि शहर में विकास कार्यों का रास्ता खुलने का दावा करने वाले भाजपा नेताओं को अब शहर में तेजी से विकास कार्य शुरू करवा देने चाहिए।
ये है नगर परिषद का गणित।
डबवाली नगर परिषद में कुल 21 पार्षद हैं। इनमें से सर्वाधिक 12 पार्षद कांग्रेस समर्थित हैं। जबकि 7 पार्षद इनेलो समर्थित हैं। वहीं महज दो पार्षद भाजपा समर्थित हैं। बीते दिन अविश्वास प्रस्ताव 15 मतों से पास हुआ था। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में वोट डालने वालों में कांग्रेस, इनैलो व भाजपा समर्थित पार्षद शामिल थे। जबकि अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ जाकर कांग्रेस समर्थित दो पार्षदों ने वोट डाला। यहां बता दें कि बीती 21 जून को 14 पार्षदों ने एकत्रित होकर जिला उपायुक्त को अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर शपथ पत्र सौंपे थे। जिसके बाद प्रशासन की तरफ से बीते दिन ऐलनाबाद के एस.डी.एम. अमित कुमार की मौजूदगी में मतदान क रवाया था।
Haryana Kisan TV Haryana Kisan TV