haryanakisantv
उपायुक्त पार्थ गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला में पराली प्रबंधन करने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर उप निदेशक कृषि डॉ सुखदेव सिंह को राज्य स्तरीय अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने सुशासन दिवस पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उप निदेशक कृषि डॉ सुखदेव सिंह को दिया।
गौरतलब है कि उप कृषि निदेशक डा. सुखदेव सिंह को कृषि संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए वर्ष 2023 का राज्य स्तरीय गुड गवर्नेंस अवार्ड मिला है।
उप कृषि निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने बताया कि उपायुक्त पार्थ गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला में धान के फ़सल अवशेष प्रबंधन पर कई विशेष कार्य किए गए है, जिसके फलस्वरूप गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष आगज़नी की घटनायें घटकर लगभग आधी रह गयी है। विभाग द्वारा फ़सल अवशेष प्रबंधन प्रोत्साहन राशि के लिए जिला के 19 हजार 530 किसानों (165000 एकड़) का पंजीकरण करवाया गया जिसमे किसानो को प्रति एकड़ 1000/- की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी जो कि गत वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी है।

इसके अतिरिक्त सिरसा एकमात्र जिला है जिसमें डेलॉइट इंडिया कम्पनी के सीएसआर फंड का सदुपयोग फ़सल अवशेष प्रबंधन के साथ-साथ गौसेवा के लिए भी किया गया, जिसके तहत गौशाला को चारे के रूप में धान की पराली खरीदने के लिए 100/- रूपये प्रति क्विंटल अनुदान दिया गया। पराली एकत्रित करने के लिए डंपिंग पॉइंट बनाए गए जिसके लिए बेलर मालिकों को 40 हजार रूपये प्रति एकड़ अनुदान दिया गया। इसके अतिरिक्त गिरते हुए भूमिगत जल स्तर को रोकने के लिए पिछले वर्ष की तुलना में 4 गुना अधिक धान की सीधी बिजाई करवाई गई। इसके साथ ही मेरा पानी-मेरी विरासत योजना सुचारू रूप से लागु करवाई तथा वाटर टैंक भी बनवाए गए।
Haryana Kisan TV Haryana Kisan TV