सिरसा जिले में बाइक चोर गिरोह हुआ सक्रिय

न्यूज पंच। जिले में बाइक चोर गिरोह पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। गिरोह के सदस्यों ने गत दिवस विभिन्न स्थानों से छह बाइक चुरा लिए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सरदूलगढ़ निवासी मनमोहन सिंह 13 जुलाई को बाइक पर सवार होकर सिविल अस्पताल आया था। अस्पताल में उसका परिचित दाखिल है। मनमोहन सिंह ने अस्पताल परिसर में बाइक खड़ा किया और अपने परिचित का हालचाल जानने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो उसे उसका बाइक नदारद मिला। इसके बाद उसने जेजे पुलिस चौकी में जाकर अपनी रपट दर्ज करवाई। इसी प्रकार डबवाली के वार्ड नंबर आठ निवासी अशोक कुमार का बाइक भी चोर चुराकर ले गए। अशोक कुमार का कहना है कि उसका घर एकता नगर में है। उसने अपना बाइक घर के बाहर खड़ा किया था और अज्ञात चोर बाइक चुराकर ले गया। डबवाली के वार्ड नंबर 11 निवासी विमल मेहता के साथ भी ऐसा ही हुआ। विमल मेहता का कहना है कि उसने भी अपना बाइक घर के बाहर खड़ा किया था, लेकिन चोर उसका बाइक चुराकर ले गए। गांव मलिकपुरा निवासी अमित कुुमार का बाइक भी अनाज मंडी डबवाली से चोरी हो गया। अमित किसी काम से अनाज मंडी स्थित न्यू दर्गा एग्रो में आया था। उसके बाइक बाहर खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद वापस आया तो बाइक गायब मिला। इसके बाद उसने चोरी की सूचना गोल बाजार चौकी को दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर अज्ञात शख्स के खिलाफ अभियोग दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा रानियां थाना क्षेत्र के गांव बाहिया में भी चोरों ने गुरविंद्र सिंह का बाइक चोरी कर लिया। पुलिस ने उसकी रपट दर्ज करके अज्ञात शख्स पर केस दर्ज किया है। गांव बुधारनियां निवासी बलराज कुमार का बाइक भी चोरी हो गया है। बलराज का कहना है कि उसने अपना बाइक  ऐलनाबाद में स्थित सिंगला अस्पताल के पास खड़ा किया था। जिसे अज्ञात शख्स चुराकर ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Check Also

प्रधानमंत्री की रैली को लेकर सिरसा से आई ये बड़ी खबर

लोक धुन न्यूज़ । जिला के गांव मलेकां में 19 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी …